जिम की ट्रेनिंग देते देते बन गया 'लुटेरा'...किन्नर के घर डकैती डालने वाले नौ बदमाश पुलिस ने दबोचे
लूटे गए 700 ग्राम सोने व दो किलो चांदी के जेवर समेत 8.35 लाख रुपये बरामद
डकैती को चोरी में दर्ज किया था पुलिस ने, किन्नर के अनुसार, हथियार दिखाकर की गई थी लूटपाट
बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के कस्बा ओरछी में किन्नर टीना के घर में डकैती डालने वाले नौ बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया है। उनके कब्जे से लूटा गए 700 ग्राम सोने के जेवर, दो किलो चांदी के जेवर समेत आठ लाख 35 हजार की नगदी व हथियार बरामद हुए हैं। इनमें एक बदमाश सम्भल जिले की चन्दौसी तहसील का भी है जो जिम की ट्रेनिंग देते-देते डकैत बन गया और इस कांड में शामिल हो गया।
-------
ये थी घटना
बदायूं। ओरछी कस्बे में आसफपुर रोड परर टीना किन्नर का मकान है। विगत 20 अक्टूबर की आधी रात के बाद करीब ढाई बजे टीना के घर में हथियारबंद बदमाश रसोई का जंगला काटकर घुस आए। इसके बाद उन्होंने टीना व उसके भाई विजय को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने शोर मचाने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। टीना ने जब विरोध किया तो बदमाशों ने उसके दो-चार हाथ भी जड़ दिए। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखा कैश व जेवर आदि लूट लिए। बदमाशों ने सीसीटीवी का डीवीआर भी तोड़ डाला और उसे अपने साथ ले गए थे। हालांकि पुलिस ने डकैती के इस मामले को चोरी में दर्ज किया था।
-------
दो बदमाशों के पैर में लगी गोली
बदायूं। पुलिस के अनुसार, गनगोली तिराहे से जा रहे कच्चे मार्ग के पास कुएं की कुंडी में कुछ संदिग्ध व्यक्ति बैठे होने की सूचना पर पुलिस ने वहां दबिश दी तो संदिग्ध व्यक्ति भागने लगे और पुलिस पार्टी पर तमंचे से फायर कर दिए। जवाबी फायरिंग में नाजिम निवासी ग्राम खेडा अपरोला थाना नौगवां सादात, अमरोहा व तैय्यब निवासी ग्राम करमल्लीपुर थाना गजरौला, अमरोहा घायल हो गये। पुलिस ने इन दोनों के अलावा सात बदमाश मौके से पकड़ लिए। तलाशी लेने पर बदमाशों के पास 700 ग्राम सोने के तथा दो किलो 200 ग्राम चांदी के जेवर मय चार प्लेट व आठ लाख 35 हजार रुपये नगद बरामद हुए। इसके अलावा तमंचे व चाकू भी मिले।
-------
ये हैं घटना में शामिल बदमाश
1. अरविन्द गौतम निवासी अजंता टाकीज, चन्दौसी, सम्भल
2. नाजिम, निवासी ग्राम खेडा अपरोला, नौगवां सादात, अमरोहा
3. मोइन, निवासी ग्राम शाहपुर, गजरौला, अमरोहा
4. तैय्यब निवासी ग्राम करमल्लीपुर, गजरौला, अमरोहा
5. अशफाक उर्फ कांति निवासी बहजोई की मढैया, बहजोई, सम्भल
6. नदीम निवासी टंकी मोहल्ला, बहजोई, सम्भल
7. शिब्बू उर्फ शोएब निवासी टंकी मोहल्ला, बहजोई, सम्भल
8. फुरकान उर्फ फकरुद्दीन मोहल्ला ईदगाह कालेनी, बहजोई, सम्भल
9. सोहेल निवासी शिव कॉलोनी, बहजोई, सम्भल

बदमाशों से ये माल हुआ बरामद
1. अरविन्द गौतम के कब्जे से जेवरात व 90 हजार रुपये नगद
2. नाजिम से 1,20,000 रुपये नगद व जेवरात
3. मोइन से 1,50,000 रुपये नगद व जेवरात
4. तैय्यब के कब्जे से 1,10,000 रुपये नगद व जेवरात
5. अशफाक उर्फ कांति के कब्जे से 90,000 रुपये नगद व जेवरात
6. नदीम के कब्जे से 1,00,000 रुपये नगद व जेवरात
7. शिब्बू के कब्जे से 50,000 रुपये नगद व जेवरात
8. फुरकान के कब्जे से 60,000 रुपये नगद व जेवरात
9. सोहेल के कब्जे से 65,000 रुपये नगद व जेवरात

-------
नाजिम व तैय्यब पर दर्ज हैं कई मुकदमे
बदायूं। पकड़े गए बदमाश नाजिम व तैय्यब पर अमरोहा जिले के नौगवां सादात, गजरौला, हसनपुर, अमरोहा देहात थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें ज्यादातर मामले आर्म्स एक्ट व गैंगस्टर एक्ट के हैं।
------
घटना और खुलासे के बारे में सीओ बिसौली का बयान सुनने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
https://www.facebook.com/share/r/1A28JX85CP/
-------
अरविंद देता था जिम की ट्रेनिंग
बदायूं। पुलिस द्वारा पकड़ा गया बदमाश अरविंद गौतम चन्दौसी के सेमरटोला मोहल्ले का निवासी है। बताया जाता है कि वह जिम ट्रेनर है और कई जिम में जाकर लोगों को ट्रेनिंग देता है। जिम की ट्रेनिंग देते देते ही वह इस कांड में शामिल हो गया। चर्चा तो इस बात की भी है कि उसे पुलिस ने मुरादाबाद से उठाया है जब वह अपनी पत्नी के साथ अपनी ससुराल गया था।
--------
....तो एक सप्ताह से नकदी लेकर घूम रहे थे बदमाश
बदायूं। पुलिस ने किन्नर के घर डकैती डालने की वारदात का खुलासा तो कर दिया, जो निसंदेह सराहनीय है, लेकिन पुलिस का बदमाश पकड़ने का वही ढर्रा यानी मुखबिर की सूचना, दबिश, मुठभेड़, बदमाश के पैर में गोली लगना और वही पुराना राग अलापना अब केवल मीडिया कर्मियों की ही नहीं बल्कि आम लोगों की नजरों में चढ़ने लगा है। इस घटना में भी सबसे बड़ा सवाल ये है कि डकैती के एक सप्ताह बाद भी हर बदमाश अपने साथ इतनी बड़ी नकदी और जेवर लेकर घूमता रहा। न तो लूटी गई रकम कम हुई और न ही कोई जेवर। ऐसे में पुलिस की मुठभेड़ पर भी सवाल उठने लगते हैं जो लाजिमी भी है। ऐसे में बुद्धिजीवी लोगों का मानना है कि पुलिस को जनता में अपनी विश्वसनीयता बनाये रखने के लिए इस ढर्रे को बदलना चाहिए।
--------
मुख्य खबर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें-
'शोर किया तो जान से मार देंगे'...हथियार दिखाकर किन्नर से बोले बदमाश, फिर लूट लिया कैश और जेवर
SAB KI BAAT
