बदायूं के एचपीसीएल प्लांट में घुसकर चलाईं ताबड़तोड़ गोलियां, प्रबंधक समेत दो की हत्या

बदायूं के एचपीसीएल प्लांट में घुसकर चलाईं ताबड़तोड़ गोलियां, प्रबंधक समेत दो की हत्या

प्लांट में वेंडर का कार्य करता था आरोपित, नौकरी से निकाल दिया गया था

मूसाझाग के सैंजनी गांव में दिया वारदात को अंजाम

सबकी बात न्यूज

बदायूं। मूसाझाग क्षेत्र के गांव सैंजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में घुसकर एक व्यक्ति ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इसमें कंपनी के प्रबंधक समेत दो लोगों की मौत हो गई। आरोपित इसी प्लांट में वेंडर का काम करता था, जिसे नौकरी से निकाल दिया गया था। डीएम और एसएसपी ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। 

बताया जाता है कि कंपनी में संविदा पर वेंडर के रूप में कार्यरत रहे सैंजनी निवासी अजय प्रताप सिंह अक्सर प्लांट में आकर वाहनों को रोकता और चालकों को धमकाता था। विगत 13 जनवरी की शाम वह अपने साथियों के साथ प्लांट में घुसआया था और गाली-गलौज करते हुए प्रबंधक को धमकाने लगा था। उसने बात न मानने पर अपहरण तक की धमकी दे डाली थी। इसके बाद कंपनी अधिकारियों ने उसके प्लांट में प्रवेश पर रोक लगा दी थी और नौकरी से निकाल दिया था। आरोप है कि अगले ही दिन 14 जनवरी को आरोपित जबरन प्लांट के लोकेशन इंचार्ज के कार्यालय में घुस गया और वहां भी हंगामा किया। इस मामले में कंपनी प्रबंधक सुधीर गुप्ता ने पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


बताते हैं कि बृहस्पतिवार सुबह आरोपित अजय प्रताप सिंह फिर से प्लांट के अंदर घुस आया। इस दौरान वहां मौजूद प्रबंधक सुधीर गुप्ता और असिस्टेंट मैनेजर हर्षित मिश्रा से उसकी कहासुनी हो गई। इसके बाद उसने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें सुधीर और हर्षित गंभीर रूप से घायल हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर

     - मृतक हर्षित मिश्रा और सुधीर गुप्ता (फाइल फोटो) -

प्लांट में मौजूद कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह और डीएम अवनीश राय मौके पर पहुंच गए। 

-------

खुद को बताता था गैंगस्टर्स का जानने वाला

बदायूं। बताया जाता है कि आरोपित अजय प्रताप दबंग छवि के चलते पूरे क्षेत्र में चर्चित है। चर्चा यह भी है कि सैंजनी में एचपीसीएल के प्लांट पर अपना वर्चस्व कायम करने को लेकर वह लंबे समय से विवाद में चल रहा था। वह खुद को नोएडा के गैंगस्टर्स से जुड़ा होना बताते हुए कर्मचारियों पर रौब जमाता था। 

--------

बरेली और पीलीभीत के रहने वाले थे मृतक

बदायूं। गोलीकांड में मारे गए 58 वर्षीय प्रबंधक सुधीर गुप्ता वृंदावन रेजिडेंसी बरेली तथा 34 वर्षीय हर्षित मिश्रा पीलीभीत की पूरनपुर तहसील के मोहल्ला साहूकारा के रहने वाले थे। आरोपित अजय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चर्चा ये है कि उसने खुद ही पुलिस को जाकर सरेंडर कर दिया था। 

---------

सांसद ने कहा- यूपी में अपराधियों के हौसले बुलंद

बदायूं। इस घटना के बाद सांसद आदित्य यादव ने एक्स पर लिखा कि दिन के उजाले में औद्योगिक परिसर में इस प्रकार की घटना होना यह साबित करता है कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं। सरकार के कानून व्यवस्था के दावे खोखते साबित हो रहे हैं। स्थानीय पुलिस प्रशासन की नाकामी भी साफ दिखाई दे रही है। जब बडे औद्योगिक प्रतिष्ठान ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता का क्या होगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आरोपितों को कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। 





Leave a Reply

Cancel Reply

Your email address will not be published.

Follow US

VOTE FOR CHAMPION

Top Categories

Recent Comment

  • user by Shoeb

    Nautanki mla

    quoto
  • user by Boby yadav

    कार्यवाही उसके भी ऊपर होनी चाहिए जिसके कारण यह तार लगाए गये है Cm up

    quoto
  • user by अनिल यादव

    बहुत खूब। अगला टिकट पक्का

    quoto