किसी को सड़क पर मौत ने घेरा तो किसी का कोई बना बहाना, छह लोगों की बदायूं में ऐसे हुई मौत
बाप-बेटे समेत चार लोगों ने सड़क हादसों में जान गवाईं, एक की हाईवे किनारे मिली लाश
एक युवक ने फंदा लगाकर दी जान
सबकी बात न्यूज
बदायूं। बदायूं में सोमवार देर रात से लेकर मंगलवार तक छह लोगों की मौत अलग-अलग तरीकों से हो गई। बाप-बेटे समेत चार लोगों ने जहां रोड एक्सीडेंट में दम तोड़ दिया तो वहीं एक युवक की लाश संदिग्ध हालातों में हाइवे के किनारे पड़ी मिली। एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी।
दातागंज क्षेत्र के रोहरी गांव निवासी 55 वर्षीय धर्मपाल के बेटे अभिषेक की शादी तय हो चुकी है। उसकी बरात का सामान लाने धर्मपाल अपने बड़े बेटे विकास के साथ दातागंज गए थे। सोमवार देर रात दोनों बाइक से घर लौट रहे थे कि मोड़ के पास उनकी बाइक की सामने से आ रहे किसी वाहन से भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिससे पुलिस भी वहां आ गई और दोनों को अस्पताल भेजा। यहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
------
स्लीपर बस और पिकअप की भिड़ंत में दो ने दम तोड़ा
बदायूं। मंगलवार को उझानी क्षेत्र में दहेमू गांव के पास एक स्लीपर बस और पिकअप की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि उसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। हादसे के बाद लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा जहां उझानी के गांव सांवती नगला निवासी दुर्वेश कुमार और बरखेड़ा निवासी दिनेश की मौत हो गई। कई लोग घायल भी हुए हैं।
--------
खेत के किनारे मिली लाश, हत्या की आशंका
बदायूं। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर सिसरका गांव में सतीश का खेत है। मंगलवार को खेत के पास से गुजर रहे चकरोड के पास लोगों ने एक लाश पड़ी देखी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसकी शिनाख्त कराई तो वह फैजगंज बेहटा के वार्ड संख्या आठ निवासी आसिफ उर्फ गुड्डू निकला। मौके पर पहुंचे परिवार वालों ने बताया कि सोमवार को कुछ लोग उसे बुलाकर ले गए थे, उन्होंने उसकी हत्या करके शव वहां फेंक दिया। शरीर पर चोटों के निशान तथा गले में कपड़े का फंदा देखकर प्रथम दृष्टया मामला भी हत्या का लग रहा है।
--------
मुड़िया धुरे की में फंदे से लटका मिला युवक का शव
बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के कस्बा मुड़िया धुरेकी मे करीब 35 वर्षीय युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिल। मृतक की पहचान सुरेश कश्यप के रूप में हुई। बताते हैं कि सुरेश पिछले कुछ समय से कस्बे में ही अपनी एक रिश्ते की मामी के साथ रह रहा था। परिवार वालों का कहना है कि सुरेश की मामी के थाने में तैनात
एक सिपाही से संबंध थे, जिसका सुरेश अक्सर विरोध करता था। आरोप है कि इसी बात को लेकर सोमवार को दिन में दो बार विवाद हुआ और सिपाही ने सुरेश के साथ मारपीट की। आरोप है कि उत्पीड़न और अपमान से क्षुब्ध होकर सुरेश ने देर रात फंदे पर लटककर अपनी जान दे दी। इधर कुछ लोग सुरेश के अपनी मामी से ही अवैध संबंध होने की चर्चा कर रहे हैं।





SAB KI BAAT
