बाईपास के नजदीक बने रोडवेज तो काफी हद तक सुलझ सकती है जाम की समस्याः महेश गुप्ता

बाईपास के नजदीक बने रोडवेज तो काफी हद तक सुलझ सकती है जाम की समस्याः महेश गुप्ता

शहर विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर की मांग

सबकी बात न्यूज

बदायूं। शहर में जाम का झाम बढ़ता जा रहा है। बाईपास बनने के बाद भी भारी वाहन शहर से होकर गुजर रहे हैं, जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। इसके अलावा शहर के बीचोंबीच बना रोडवेज बस स्टैंड भी जाम लगने में खास भूमिका निभा रहा है। इसके निदान के लिए शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता काफी समय से लगे हैं। अब उन्होंने एक बार फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर शहर की कई समस्याओं से अवगत कराते हुए उनके निदान की मांग की है। 

शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र सौंपकर कहा है कि बदायूं शहर का रोडवेज बस अड्डा शहर के बीचोंबीच बना है, जिसमें बाहरी डिपो की बसों का भी आना जाना लगा रहता है। ऐसे में अक्सर जाम की समस्या पैदाहो जाती है। यदि यही बस स्टैंड शहर के बाहर बाईपास की तरफ बन जाए तो समस्या का काफी हद तक निदान हो सकता है। उन्होंने बाईपास की तरफ नई जेल के लिए प्रस्तावित भूमि पर रोडवेज बस स्टैंड बनवाने की मांग की है। जेल की इस भूमि का वर्तमान में कोई उपयोग नहीं हो रहा है। 

--------

अक्सर फंस जाती हैं एंबुलेंस

बदायूं। दरअसल रोडवेज बस स्टैंड के पास ही जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, रजिस्ट्री कार्यालय आदि महत्वपूर्ण जगह हैं, जहां हजारों लोग रोजाना आते-जाते हैं। बस स्टैंड पर बसों के आवागमन के कारण रोडवेज चौराहा, अस्पताल-कचहरी रोड, भामाशाह चौक आदि स्थानों पर रोजाना जाम लगता है। शहर विधायक श्री गुप्ता के अनुसार, रोडवेज अड्डा स्थानांतरित होने के बाद जाम की समस्या लगभग आधी खत्म हो जाएगी। 

-------

शहर में नहीं कोई बड़ा पार्क

बदायूं। जाम की समस्या के अलावा शहर विधायक ने मुख्यमंत्री से एक बड़ा पार्क बनवाने की मांग की है। इसके लिए उन्होंने एसएसपी कार्यालय के बाहर निष्प्रयोज्य पड़ी भूमि का प्रस्ताव दिया है। श्री गुप्ता ने कहा कि यदि यहां पार्क का निर्माण होता है तो वह जनता के लिए एक महत्वपूर्ण जगह होगी। 

------

बजट में सभी जिलों को मिला

बदायूं। यूपी सरकार के बजट के बारे में शहर विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बजट में लगभग सभी जिलों का ध्यान रखा है। जिन सरकारी योजनाओं को बजट में शामिल किया गया है, उनका लाभ सभी जिलों को मिलेगा। बदायूं भी इससे लाभान्वित होगा। 



Leave a Reply

Cancel Reply

Your email address will not be published.

Follow US

VOTE FOR CHAMPION

Top Categories

Recent Comment

  • user by अनिल यादव

    बदायूं के नेता ड्रामा ज्यादा करते है, काम कम

    quoto
  • user by Jagtap yadav

    Ticket mil payega inhen. Himanshu yadav jindabaad

    quoto
  • user by प्रशांत सिंह

    शेखूपुर से किसी को टिकिट नहीं मिलेगा। यहां से कांग्रेस लड़ेगी। एक सीट चुनाव में कांग्रेस को मिलनी है गठबन्धन में।

    quoto