बदायूं में प्रतिमा लगाने और टूटने पर हंगामा, पुलिस समेत कई गाड़ियों पर पथराव
फैजगंज बेहटा के सीकरी गांव में टूटी मिली आंबेडकर की प्रतिमा
कई अधिकारी, पुलिस और पीएसी पहुंची, शाम को हुए पथराव में कई चोटिल
सबकी बात न्यूज
बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सीकरी गांव में मंगलवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को लगाने और फिर प्रतिमा टूटी पाए जाने के बाद हंगामा हो गया। प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना पर तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और हंगामा करते हुए नई प्रतिमा स्थापित कराने की मांग करने लगे। ग्रामीणों ने आसफपुर चौकी प्रभारी पर भी आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। शाम को ग्रामीण उग्र हो गए तो पुलिस और अधिकारियों की गाड़ियों पर पथराव कर दिया गया। इसमें कई लोगों को चोटें आई हैं।
गांव की जिस जमीन पर प्रतिमा को लेकर हंगामा हुआ है, वह सरकारी बताई जाती है। बताते हैं कि विगत रात किसी ने यहां आंबेडकर की प्रतिमा लगा दी। मंगलवार कुछ लोगों ने देखा कि प्रतिमा जमीन पर पड़ी है तथा क्षतिग्रस्त हो गई है। इस पर ग्रामीण भड़क गए और हंगामा करने लगे। जानकारी मिलते ही एसडीएम
बिसौली प्रियंका जायसवाल, सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव और फैजगंज बेहटा थाना प्रभारी सुभाष कुमार मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी तैनात कर दी गई। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि नई प्रतिमा स्थापित कराने के लिए नियमानुसार
स्थान चिह्नित किया जाएगा और 15 दिन के भीतर कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीण तत्काल प्रतिमा स्थापित कराने की मांग पर अड़े रहे। बारिश के बावजूद ग्रामीण मौके पर डटे रहे और टेंट लगाकर विरोध जारी रखा। इसके बाद शाम को किसी बात पर ग्रामीण भड़क गए। देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। अधिकारियों की गाड़ियों पर भी पत्थर मारे गए, जिसमें करीब 12 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। एक व्यक्ति का सिर फूट गया तो कई घायल भी हो गए। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों को दौड़ा दिया। खबर लिखे जाने तक स्थिति हंगामे की थी।
---------
पुलिस ने कानून व्यवस्था बताई दुरुस्त, उधर हो गई पत्थरबाजी
बदायूं। पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से मामले को लेकर बयान जारी किया। पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब चार बजे ग्राम समाज की सुरक्षित श्रेणी की भूमि पर बिना अनुमति नई डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिस ने जांच के आधार पर प्रतिमा तोड़े या खंडित किए जाने की सूचना को असत्य और निराधार बताया। पुलिस के अनुसार जांच में प्रतिमा तोड़े या खंडित किए जाने की बात सामने नहीं आई है। पुलिस ने बताया कि गांव में कानून-व्यवस्था कायम है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इधर, पुलिस ने कानून व्यवस्था दुरुस्त होने की बात की तो दूसरी तरफ शाम को पथराव हो गया।
-------
पूरे दिन चला समझाने का दौर, शाम को बिगड़े हालत
बदायूं। ग्रामीणों और प्रशासन के बीच पूरे दिन बातचीत होती रही, लेकिन तत्काल समाधान पर सहमति नहीं बन सकी। अधिकारी ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील करते रहे। वहीं ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर मौके पर डटे रहे। स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस और पीएसी की तैनाती रही, लेकिन शाम होते होते मामला बिगड़ गया।
--------
ये है पुलिस का कहना
बदायूं। मंगलवार को थाना फैजगंज बेहटा के ग्राम सीकरी में जाटव समाज के कुछ व्यक्तियों द्वारा ग्राम समाज की सरकारी भूमि पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के उद्देश्य से प्रतिमा लाकर रख दी गई थी। इसके कुछ समय पश्चात् जाटव समाज के व्यक्तियों द्वारा आज ही उक्त स्थान पर प्रतिमा स्थापित करने की जिद की जाने लगी ।
मौके की संवेदनशीलता एवं शांति-व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन द्वारा प्रतिमा स्थापित किए जाने से रोका गया, जिस पर कुछ व्यक्तियों द्वारा ईंट-पत्थर फेंका गया । स्थिति को नियंत्रित करने हेतु मौके पर मौजूद पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग कर सात व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है । प्रतिमा को प्रशासन द्वारा सुरक्षार्थ तहसील बिसौली में रखवा दिया गया है। पुलिस का ये भी कहना है कि प्रतिमा को तोड़े अथवा खंडित किए जाने संबंधी सूचना असत्य एवं निराधार हैं।
SAB KI BAAT