'पहले शारीरिक संबंध बनाओ'...आवास मांगने गई महिला से प्रधान ने रखी डिमांड, विरोध किया तो दी धमकी
आरोप- शिकायत करने बेटों के साथ प्रधान के घर गई महिला तो की गई गाली गलौज और मारपीट
बदायूं। बिल्सी थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने आवास मांगने पर प्रधान द्वारा उसे अपने घर बुलाने और घर जाने पर शारीरिक संबंध बनाने का कहने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि प्रधान ने उससे कहा कि आवास चाहिए तो पहले शारीरिक संबंध बनाओ। उसने विरोध किया तो प्रधान ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
बिल्सी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला के पति ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि विगत शनिवार को उसकी पत्नी कूड़ा डालने सार्वजनिक शौचालय के पास गई थी तो वहां गांव के प्रधान चंद्रपाल मिल गए। प्रधान को देखकर उसकी पत्नी ने कहा कि वह तथा उसका पति झोपड़ी में रह रहे हैं, इसलिए उन्हें आवास दिलवा दें। महिला के अनुसार, प्रधान ने उसे अपने घर बुलाया, जिसके बाद वह प्रधान के घर चली गई। यहां प्रधान ने उसे सोफे पर बैठने को कहा। उसने सोफे पर बैठने से मना किया तो प्रधान ने उसका हाथ पकड़कर सोफे पर बैठा दिया और छेड़छाड़ करने लगा। महिला का आरोप है कि प्रधान ने उससे कहा कि यदि आवास चाहिए तो उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने होंगे। महिला ने विरोध किया तो प्रधान ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
-------
पति गया प्रधान के घर तो परिवार वालों ने पीटा
बदायूं। महिला के पति का कहना है कि घर आकर उसकी पत्नी ने उसे सारी बात बताई तो वह पत्नी तथा बेटे को लेकर प्रधान के घर गया। वहां प्रधान नहीं था लेकिन प्रधान का भाई रामनिवास, भाई की पत्नी राजकुमारी तथा प्रधान के बेटे सुनील व रमेश मौजूद थे। ग्रामीण के अनुसार, जब उसने प्रधान को बुलाने को कहा तो इन लोगों ने गाली गलौज शुरू कर दी। उन्होंने विरोध किया तो आराोपितों ने उनसे मारपीट की। ग्रामीण ने रविवार को थाने जाकर प्रधान चंद्रपाल, उसके भाई रामनिवास, राजकुमारी तथा सुनील व रमेश के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
SAB KI BAAT
