... तो क्या फिर बदायूं से होगा भाजपा ब्रज क्षेत्र का अध्यक्ष, पश्चिम बंगाल जीत का इनाम मिल सकता है इस नेता को?
राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष और दातागंज विधानसभा को लेकर लगने लगीं अटकलें
सबकी बात न्यूज
बदायूं। भारतीय जनता पार्टी के ब्रज क्षेत्र के नए अध्यक्ष को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि क्षेत्रीय अध्यक्ष की रेस में बदायूं समेत आगरा और मैनपुरी जनपदों से भी कई नेताओं के नाम चर्चा में चल रहे हैं लेकिन बदायूं के एक नेता का नाम सबसे ऊपर बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में हुए चुनाव में जीत का इनाम भाजपा इस नेता को क्षेत्रीय अध्यक्ष के पद के रूप में दे सकती है। यह भी माना जा रहा है कि इस बार का क्षेत्रीय अध्यक्ष वैश्य समुदाय से हो सकता है।
वर्तमान में ब्रज क्षेत्र में बदायूं समेत आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी आदि जिले शामिल हैं। यहां अध्यक्ष के रूप में दुर्विजय सिंह शाक्य पदासीन हैं। उन्हें मार्च 2023 में इस पद का दायित्व सौंपा गया था यह क्षेत्र संगठनात्मक दृष्टि से पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जिसमें आगरा, अलीगढ़, मथुरा और बदायूं जैसे जिले महत्वपूर्ण हैं। दुर्विजय सिंह मूल रूप से बदायूं की दातागंज विधानसभा के गांव ब्रह्मपुर के रहने वाले हैं तथा समय से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे हैं। इससे पहले वह भाजपा ब्रज क्षेत्र में महामंत्री और उपाध्यक्ष जैसे पदों पर भी कार्य कर चुके हैं। भाजपा में ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्ष होता है। ऐसे में अब नया क्षेत्रीय अध्यक्ष चुना जाना है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बार का नया क्षेत्रीय अध्यक्ष फिर बदायूं से हो सकता है। इसमें सबसे ज्यादा ऊपर बदायूं के एक पूर्व जिलाध्यक्ष का नाम बताया जा रहा है। पश्चिम बंगाल के चुनाव में मिली जीत में भी इनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। चर्चा तो यहां तक है कि संगठन से जुड़े एक महत्वपूर्ण नेता ने इस पूर्व जिलाध्यक्ष को बंगाल चुनाव की जीत का इनाम देने तक को कह दिया है। यह भी चर्चा है कि इस बार क्षेत्रीय अध्यक्ष पद पर वैश्य समाज से नेता को जिम्मेदारी दी जानी है। यदि यह बात सही साबित होती है तो बदायूं के इस नेता का नाम और भी पक्का माना जा रहा है।
-----
...तो क्या दातागंज विधानसभा से भाजपा टिकट की दौड़ में शामिल होंगे दुर्विजय ?
बदायूं। विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार बढ़ रही हैं। दातागंज विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा नेताओं के बीच आपसी प्रतिस्पर्धा और टिकट को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के हवाले से यह चर्चा भी सामने आ रही है कि बदायूं लोकसभा के पूर्व भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय शाक्य दातागंज विधानसभा सीट से भाजपा से टिकट मांग सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो अन्य दावेदारों के टिकट पर संकट आ सकता है।
--------
एक संभावना और...क्या एक पूर्व विधायक जाएंगे सपा में ?
बदायूं। दुर्विजय सिंह शाक्य का नाम संभावित दावेदारों में आने के बाद यह भी चर्चा क्षेत्र में चल रही है कि यही से भाजपा के एक टिकट के दावेदार और पूर्व विधायक अगर टिकट पाने से वंचित रह जाते हैं तो वह सपा में शामिल हो सकते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि समाजवादी पार्टी इस पूर्व विधायक को उम्मीदवार बनाती है तो दातागंज विधानसभा का मुकाबला काफी रोचक हो सकता है तो वहीं भाजपा के लिए भी चुनावी समीकरण बदल सकते हैं। हालांकि अभी सभी चर्चाएं संभावनाओं और राजनीतिक अटकलों पर आधारित हैं तथा किसी भी दल ने आधिकारिक रूप से ऐसी घोषणाएं नहीं की हैं।




SAB KI BAAT
